नेशनल पैंथर्स पार्टी (एनपीपी) के एक वरिष्ठ नेता की कथित ‘‘अपमानजनक’’ टिप्पणी को लेकर उत्तेजित भाजपा महिला मोर्चा की कई कार्यकर्ताओं ने शनिवार को यहां प्रतिद्वंद्वी पार्टी के कार्यालय पर जाकर विरोध प्रदर्शन किया। एनपीपी ने गांधी नगर में उसके कार्यालय में ‘‘तोड़फोड़’’ की निंदा की और दोषियों के खिलाफ उचित दंडात्मक कार्रवाई की मांग की। भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता एनपीपी के अध्यक्ष बलवंत सिंह मनकोटिया की उस कथित ‘‘अपमानजनक’’ टिप्पणियों को लेकर विरोध जता रही थी जो उन्होंने हाल में उधमपुर में पार्टी उम्मीदवारों के लिए प्रचार के दौरान एक भाजपा नेता के खिलाफ की थी।
भाजपा महिला कार्यकर्ता एनपीपी के कार्यालय में घुस गईं लेकिन सभी दरवाजें अंदर से बंद थे। कार्यालय परिसर से जाने से पहले उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष संजीता डोगरा ने कहा, ‘‘मनकोटिया ने उधमपुर में एक चुनावी रैली के दौरान पार्टी नेता के खिलाफ ‘नचनिया और मुजरा करने वाली’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल करके देश की महिलाओं को ठेस पहुंचाई थी।’’
महिलाओं के खिलाफ उनकी ‘‘अपमानजनक’’ टिप्पणियों के लिए मनकोटिया की निंदा करते हुए डोगरा ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से इस मामले पर गंभीरता से गौर करने और पुलिस को मनकोटिया के खिलाफ मामला दर्ज करने और गिरफ्तार करने के निर्देश देने की अपील की। पार्टी के एक प्रवक्ता ने बताया कि इसके बाद भाजपा महिला मोर्चा ने जम्मू के पुलिस महानिरीक्षक के समक्ष मनकोटिया के खिलाफ एक आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई।
इस बीच एनपीपी की महासचिव मंजू सिंह ने एक बयान में कानून अपने हाथ में लेने के लिए भाजपा की निंदा की और कहा कि उनके ‘‘आपराधिक कृत्यों’’ के लिए उनसे कानून के तहत निपटा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय में संपत्ति और फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया। भाजपा महिला कार्यकर्ताओं का अवैध रूप से कार्यालय में घुस जाना बेहद आपत्तिजनक तथा निंदनीय है और साथ ही यह कानून का उल्लंघन भी है।’’