Bhopal Kashmiri Students PG Harassment : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में फार्मेसी की पढ़ाई कर रहे जम्मू-कश्मीर के दो छात्रों को उनका पेइंग-गेस्ट रूम खाली करने के लिए कथित तौर पर धमकाया और परेशान किया जा रहा है। जम्मू एंड कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन (JKSA) ने दावा किया है कि ट्रूबा इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी में पढ़ने वाले इन छात्रों पर उनके नेटिव स्टेट और धर्म के चलते दबाव बनाया जा रहा है।
एसोसिएशन का कहना है कि इस स्थिति के चलते दोनों छात्र लगातार डरे हुए हैं और उन्हें कॉलेज जाने या बाहर निकलने में कतरा रहे हैं।
PMSSS स्कीम के तहत हुआ था दाखिला
छात्र संगठन (JKSA) के मुताबिक, दोनों छात्रों का दाखिला ‘प्रधानमंत्री विशेष छात्रवृत्ति योजना’ के तहत हुआ था। इस स्कीम में हॉस्टल की सुविधा मिलना शामिल था, लेकिन कॉलेज में हॉस्टल की व्यवस्था न होने के कारण छात्र बीते एक साल से करोंद गांधी नगर स्थित ‘शांति होम्स कॉलोनी’ के एक पीजी में रह रहे हैं।
क्या लगाया आरोप?
एसोसिएशन ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि local सोसायटी के कुछ लोग मकान मालिक पर दोनों छात्रों को तुरंत बाहर निकालने का दबाव बना रहे हैं। मकान मालिक को चेतावनी दी गई है कि अगर छात्रों को बेदखल नहीं किया गया तो वे जबरन घर में घुसकर उन्हें बाहर निकाल देंगे।
पीड़ित छात्रों ने मदद के लिए कॉलेज प्रशासन का भी दरवाजा खटखटाया, लेकिन आरोप है कि उन्हें वहां से कोई ठोस सहायता नहीं मिली। JKSA ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने की अपील की है, ताकि छात्र बिना किसी डर के अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।
यह भी पढ़ें – आर्बिट्रेटर बदलने की केंद्र की याचिका J&K हाईकोर्ट ने लौटाई, दिल्ली को बताया ‘सीट ऑफ आर्बिट्रेशन’


Download Android App
Download iOS App



