भाजपा की जम्मू कश्मीर इकाई के अध्यक्ष रवींद्र रैना ने सोमवार को कहा कि 24 जून को होने वाली सर्वदलीय बैठक से पहले गुपकर गठबंधन के खिलाफ ‘‘जवाबी रणनीति’’ बनाने के लिए मंगलवार को दिन में 11 बजे पार्टी के त्रिकूट नगर मुख्यालय में सभी प्रमुख नेताओं की आपात बैठक बुलाई है।’’
रवींद्र रैना ने कहा कि दो वरिष्ठ नेताओं पूर्व उप मुख्यमंत्री निर्मल सिंह और कवींद्र गुप्ता के साथ जम्मू कश्मीर के सभी राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ बैठक में हिस्सा लेंगे। रैना ने कहा कि जम्मू क्षेत्र के पार्टी के नेता गुपकर गठबंधन के जवाब में अपनी रणनीति पर विचार-विमर्श करेंगे।
गुपकर गठबंधन पांच अगस्त 2019 से पहले के जम्मू कश्मीर का दर्जा बहाल करने की मांग कर रहा है। पीएजीडी के प्रवक्ता और माकपा के वरिष्ठ नेता एम वाई तारिगामी ने रविवार को कहा कि गठबंधन मंगलवार को बैठक करेगा और ‘‘हमारे समाज और हमारी राजनीति की भलाई’’ के लिए एकजुट रुख और न्योते पर चर्चा की जाएगी।
बता दें गुपकर गठबंधन (पीएजीडी) ने भी केंद्र के न्योते पर चर्चा करने के लिए श्रीनगर में बैठक बुलायी है। पीएजीडी जम्मू कश्मीर की मुख्य धारा के छह दलों का समूह है, जिसमें नेशनल कॉन्फ्रेंस, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी भी शामिल हैं। जम्मू कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म करने और इसे दो केंद्रशासित प्रदेशों में बांटे जाने के बाद यह गठबंधन बना।
केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने नेकां, पीडीपी, कांग्रेस, जम्मू कश्मीर अपनी पार्टी, माकपा, पीपुल्स कॉन्फ्रेंस और पैंथर्स पार्टी को फोन कर बृहस्पतिवार को अपराह्न तीन बजे राष्ट्रीय राजधानी में प्रधानमंत्री के निवास पर होने वाली बैठक में शिरकत करने का न्योता दिया है।


Download Android App
Download iOS App



