पीडीपी नीत सरकार में घटक भाजपा की जम्मू कश्मीर इकाई ने आज कहा कि कुछ निहित दल पार्टी के खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं जिस पर लोगों को ध्यान नहीं देना चाहिये।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अनिल गुप्ता ने बिना किसी के नाम का जिक्र किये कहा कि निहित स्वार्थ वाले दल भ्रामक और तथ्यात्मक रूप से गलत बयान देकर जम्मू क्षेत्र में सरकार विरोधी भावनाएं पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
गुप्ता ने आम लोगों से अपील की कि ऐसे दुष्प्रचार पर ध्यान नहीं दें और भाजपा में भरोसा रखें जिसने स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और अन्य जनसुविधाओं सहित आधारभूत संरचनाओं के चहुमुखी विकास का वादा किया है।
भाजपा नेता ने उन आरोपों को भी खारिज किया कि जम्मू में एम्स स्थापित करने की परियोजना महज छलावा है। जम्मू बार एसोसिएशन ने ये आरोप लगाते हुए दावा किया था कि राज्य सरकार ने एम्स स्थापित करने के लिए अभी तक जमीन का अधिग्रहण भी नहीं किया है।
उन्होंने कहा, एम्स एक छलावा नहीं बिल्कुल हकीकत है। एम्स की स्थापना के लिए जम्मू क्षेत्र के सांबा जिले के विजयपुर और कश्मीर के पुलवामा के अवंतीपुरा में जगह तय की जा चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



