जम्मू कश्मीर में 200 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा की रखवाली करने वाले बीएसएफ के जवानों को ड्रोन रोधी प्रणाली से लैस किया जाएगा। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। इससे एक दिन पहले अरनिया सेक्टर में एक पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया गया था।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “ हम इस पर काम कर रहे हैं।” अधिकारियों ने बताया था कि सोमवार रात को सतर्क बीएसएफ के जवानों ने जम्मू ज़िले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अरनिया में पाकिस्तान के कैमरा रहित एक ड्रोन को मार गिराया था।
अन्य अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि जम्मू-सांबा-कठुआ पट्टी पर जल्द ही ड्रोन रोधी प्रणाली लगाई जाएगी, ताकि भविष्य में पाकिस्तान के ड्रोन की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम किया जा सके।
एक अधिकारी ने बताया, “ इसे (ड्रोन रोधी प्रणाली) शामिल करने की प्रक्रिया चल रही है।” उन्होंने कहा कि जम्मू सीमा पर शुरुआत में अभियान वाले क्षेत्र में पांच से छह प्रणालियां तैनात की जाएंगी। अधिकारी ने बताया कि बल अपने जवानों को इन प्रणालियों के संचालन का प्रशिक्षण दे रहा है।


Download Android App
Download iOS App



