निलंबित DSP देविंदर सिंह समेत छह लोगों खिलाफआतंकी गतिविधियों के लिये NIA द्वारा चार्जशीट दायर

Summary :

राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने देश में कथित आतंकी गतिविधियों के लिये जम्मू-कश्मीर के निलंबित पुलिस उपाधीक्षक देविंदर सिंह समेत छह लोगों के खिलाफ सोमवार को आरोप पत्र दायर किया।

राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने देश में कथित आतंकी गतिविधियों के लिये जम्मू-कश्मीर के निलंबित पुलिस उपाधीक्षक देविंदर सिंह समेत छह लोगों के खिलाफ सोमवार को आरोप पत्र दायर किया। 
अधिकारियों ने बताया कि सिंह के अलावा आरोप पत्र में प्रतिबंधित आतंकी संगठन हिज्बुल मुजाहिदीन के कमांडर सैयद नवीद मुश्ताक उर्फ नवीद बाबू, संगठन के कथित भूमिगत कार्यकर्ता इरफान शफी मीर और इसके सदस्य रफी अहमद राठेर का भी नाम है। इसके अलावा कारोबारी तनवीर अहमद वानी तथा नवीद बाबू के भाई सैयद इरफान अहमद को भी नामजद किया गया है। 
इस साल जनवरी में गिरफ्तार किए गए सिंह पर सुरक्षित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों के जरिये पाकिस्तान उच्चायोग के अधिकारियों के साथ संपर्क स्थापित करने का आरोप है। 
गौरतलब है कि देविंदर को 11 जनवरी को हिजबुल मुजाहिदीन के मोस्ट वांटेड कमांडर सैयद नावीद मुश्ताक, उसके सहयोगी रफी राथर और एक अन्य आतंकवादी इरफान शफी मीर के साथ गिरफ्तार किया गया था जब वे राजमार्ग के रास्ते जम्मू जा रहे थे। इसके बाद 15 जनवरी को जम्मू-कश्मीर पुलिस प्रशासन ने उन्हें वीरता के लिए प्रदान किया गया शेर ए कश्मीर पुलिस पदक भी जब्त कर लिया।  

Ujjwal Jain