कोरोना वायरस : नेकां प्रमुख फारुख अब्दुल्ला ने डेढ़ करोड़ की राशि देने का किया ऐलान

Summary :

अब्दुल्ला द्वारा दी गई राशि को एसएमएचएस अस्पताल, सीडी अस्पताल और जी बी पंत अस्पताल के बीच समान रूप से वितरित किया गया।

कोरोना वायरस (कोविड-19) के खिलाफ लड़ाई में अपनी प्रतिबद्धता जाहिर करते हुए जम्मू-कश्मीर की नेशनल कांफ्रेंस पार्टी के अध्यक्ष फारुख अब्दुल्ला ने डेढ़ करोड़ की राशि दान में देने का ऐलान किया है। अब्दुल्ला ने श्रीनगर में कोरोना से संक्रमित लोगों का इलाज कर रहे अस्पतालों को यह राशि दी गई। 
अब्दुल्ला द्वारा दी गई राशि को एसएमएचएस अस्पताल, सीडी अस्पताल और जी बी पंत अस्पताल के बीच समान रूप से वितरित किया गया। जम्मू-कश्मीर में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 24 है। वहीं रविवार को हुई मौत के साथ ही यहां पर मरने वालों का आंकड़े 2 पहुंच गया है।

कश्मीर में कोविड-19 से दूसरी मौत के बाद लोगों की आवाजाही और एकजुट होने पर सख्त हुई पाबंदियां

कश्मीर में दूसरी मौत होने के बाद कोविड-19 फैलने से रोकने के लिए केंद्र शासित प्रदेश में लोगों की आवाजाही और एकजुट होने पर पाबंदियां और सख्त कर दी गईं। अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर में लोगों के आवागमन और एकजुट होने पर रविवार को लगातार 11वें दिन प्रतिबंध जारी रहे। 
उन्होंने बताया कि वायरस के प्रसार पर लगाम लगाने के मकसद से लोगों की आवाजाही सीमित करने के लिए समूची घाटी में पाबंदियां लगा दी गई हैं। ये सख्त प्रतिबंध रविवार तड़के कोविड-19 के दूसरे मरीज की मौत के मद्देनजर लगाए गए हैं। मृतक शनिवार को संक्रमित पाए गए 13 लोगों में शामिल था। 

Desk Team