अमरनाथ यात्रा के दौरान ‘पर्यावरण बचाओ’ अभियान चलाएगा CRPF

Summary :

वार्षिक यात्रा एक जुलाई से दो मार्गों-अनंतनाग जिले में पारंपरिक पहलगाम मार्ग और गंदेरबल जिले में बालटाल मार्ग से शुरू होगी तथा 15 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन उसका समापन होगा।

केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) सुरक्षा प्रदान करने की अपनी प्राथमिक ड्यूटी निभाने के साथ अमरनाथ यात्रा के दौरान ‘पर्यावरण बचाओ’ अभियान भी चलाएगा। वार्षिक यात्रा एक जुलाई से दो मार्गों-अनंतनाग जिले में पारंपरिक पहलगाम मार्ग और गंदेरबल जिले में बालटाल मार्ग से शुरू होगी तथा 15 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन उसका समापन होगा। कुल 46 दिनों तक यह यात्रा चलेगी।
 यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए सेना, स्थानीय पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों में सीआरपीएफ भी शामिल है। अर्द्धसैन्य बल के जम्मू स्थित जन संपर्क अधिकारी आशीष कुमार झा ने बताया, “इस साल सीआरपीएफ खासकर यात्रा क्षेत्र में श्रद्धालुओं के साथ ही आम लोगों को नाजुक पर्यावरण की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की अपील कर रहा है।” 
उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ ने होर्डिंग और बैनर तैयार किए हैं और जम्मू तवी रेलवे स्टेशन, हवाईअड्डा, बस स्टैंड, विभिन्न कैंप और लंगर स्थल के साथ ही यात्रा मार्ग पर महत्वपूर्ण जगहों पर इसे लगाने की योजना है। झा ने कहा, ‘‘प्रकृति की हिफाजत करना हमारा दायित्व है और हम उम्मीद करते हैं कि श्रद्धालु और आम लोग सहयोग करेंगे और पहाड़ों, नदियों, जलधाराओं की सफाई बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाएंगे।’’ 

Desk Team