बिजबेहरा को छोड़ पूरे अनंतनाग में जनजीवन सामान्य

Summary :

गतिविधियां पिछले तीन दिनों से प्रभावित है। गौरतलब है कि इस मुठभेड़ के दौरान सेना का जवान शहीद हो गया था तथा दो अन्य घायल हो गये थे।

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में उम्मत-ए-इस्लामी के संस्थापक मीरवाइज काजी निसार अहमद की 25वीं बरसी के मौके पर सामान्य जनजीवन पूरे दिन ठप रहने के बाद गुरुवार को फिर से सामान्य हो गया। बिजबेहरा इलाके में लगातार तीसरे दिन आज भी सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। 
बिजबेहरा में 18 जून को मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकवादियों के मारे जाने के विरोध में इसके साथ-साथ आस-पास के इलाकों में व्यावसायिक एवं अन्य गतिविधियां पिछले तीन दिनों से प्रभावित है। गौरतलब है कि इस मुठभेड़ के दौरान सेना का जवान शहीद हो गया था तथा दो अन्य घायल हो गये थे। 
अनंतनाग शहर और इसके आस-पास के इलाकों में दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान फिर से खुल गये हैं। सभी मार्गों पर यातायात सामान्य हो चुका है। 
सभी शैक्षणिक संस्थान, कोचिंग केंद्र, बैंकों तथा सरकारी कार्यालयों में सामान्य दिनों की तरह कामकाज हो रहा है। कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बलों तथा राज्य पुलिस के जवानों को भारी संख्या में तैनात किया गया है। गौरतलब है कि अलगाववादी समर्थक नेता मीरवाइज काजी की 19 जून 1994 को अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

Desk Team