जम्मू-कश्मीर में कोरोना वायरस का प्रकोप जारी है। संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार की ओर से हरसंभव कोशिश की जा रही है। बीते 24 घंटे में 428 नए मामले सामने आने के बाद सोमवार को संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 33,000 के पार पहुंच गए।
केन्द्र शासित प्रदेश में कोविड-19 से सात और मरीजों की मौत हो गई जिसके बाद मृतकों की संख्या 624 पर पहुंच गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कश्मीर घाटी में 274 नए मामले सामने आए और जम्मू क्षेत्र में 154 मामले सामने आए। उन्होंने कहा कि अब तक जम्मू कश्मीर में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल 33,075 मामले सामने आ चुके हैं।
अधिकारियों ने कहा कि श्रीनगर जिले में 78 और जम्मू में 65 नए मामले सामने आए। जम्मू कश्मीर में अब तक कोविड-19 के 25,205 मरीज ठीक हो चुके हैं और वर्तमान में 7,246 मरीजों का इलाज चल रहा है।
बताते चले कि देशभर में कोरोना का प्रकोप जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार संक्रमितों का आंकड़ा 31,06,348 तक पहुंच गया है और 57,542 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, इस वायरस से अब तक 23,38,035 लोग ठीक हो चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



