स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत गांधी नगर के अप्सरा रोड, गोल मार्केट व उसके आसपास के क्षेत्रों को विकसित करने की योजना को जमीन पर उतारने की तैयारियां जोरों से शुरू हो गई हैं। जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड (जेएससीएल) ने पुराने शहर के धरोहर का गौरव बरकरार रखने और जम्मू के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक परिदृश्य को दर्शाने के लिए एक महत्वाकांक्षी परियोजना तैयार की है।
‘विरासत निशान एवं स्थल सौंदर्यीकरण’ परियोजना के तहत साढ़े पांच किलोमीटर लंबा धरोहर मार्ग बनाया जाएगा और इस पर 16.56 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। यह जानकारी शनिवार को अधिकारियों ने दी। उन्होंने कहा कि जेएससीएल ने विभिन्न पक्षों के साथ चर्चा की है ताकि परियोजना में उनसे सहयोग लिया जा सके।
जेएससीएल के शहरी योजना की सहायक महा प्रबंधक दीपिका गुप्ता ने कहा कि राहगीरों के अनुकूल बनाए जाने वाले विरासत कोरीडोर में लोग खरीदारी भी कर सकेंगे और इससे पुराने शहर में व्यवसाय बढ़ेगा।परियोजना में सड़क विकास, सूचना प्रौद्योगिकी आधारित पार्किंग, सार्वजनिक साइकिल साझा प्रणाली, स्ट्रीट लाइट, पोल एवं लटकते तारों को ठीक करना एवं सार्वजनिक शौचालयों को दुरूस्त करने जैसे काम किए जाएंगे।
गुप्ता ने बताया कि परियोजना के अन्य महत्वपूर्ण कार्यों में रानी पार्क और पुरानी मंडी पार्क का सौंदर्यीकरण, सड़क किनारे अत्याधुनिक सुविधाएं, कचरे का डिब्बा, बेंच, पानी के एटीएम, संचार सुविधाओं के लिए भूमिगत सेवा कोरीडोर आदि शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि बैठक में मौजूद लोगों ने महत्वपूर्ण सुझाव दिए और परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए जेएससीएल का सहयोग करने का वादा किया। बैठक की अध्यक्षता करने वाले जम्मू के महापौर चंदर मोहन गुप्ता ने कहा, ‘‘परियोजना के तहत पुरानी शहर को सुंदर बनाया जाएगा और आगंतुकों का अनुभव भी अच्छा रहेगा।’’


Download Android App
Download iOS App



