जम्मू-कश्मीर: श्रीनगर में ट्यूलिप गार्डन के पास धमाका, TRF ने ली जिम्मेदारी

Summary :

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में ट्यूलिप गार्डन की पार्किंग में बुधवार को एक पर्यटक वैन के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में विस्फोट होने से इसका ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया।

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में ट्यूलिप गार्डन की पार्किंग में बुधवार को एक पर्यटक वैन के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में विस्फोट होने से इसका ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 
पार्किंग क्षेत्र में हुआ विस्फोट 
उन्होंने बताया कि विस्फोट उस समय हुआ जब जम्मू जिले की पंजीकरण संख्या वाली वैन के ड्राइवर ने पार्किंग क्षेत्र के पास वाहन का पिछला दरवाजा खोला। उन्होंने कहा कि विस्फोट में ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। उसकी पहचान का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि घटना के असल कारणों का पता लगाने के लिए छानबीन की जा रही है। 
इस संगठन ने ली हमले की जिम्मेदारी 
जानकारी के मुताबिक, इस हमले की जिम्मेदारी जम्मू कश्मीर में सक्रिय आतंकी संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (टीआरएफ) ने खुद ली है। यह संगठन लश्कर ए तैयबा से जुड़ा हुआ है। सोशल मीडिया पोस्ट के मुताबिक टीआरएफ ने कहा कि हमले में मैग्नेटिक आईईडी का इस्तेमाल किया गया है। 
पुलवामा में आतंकवादियों के साथ सुरक्षा बलों की मुठभेड़  
इससे पहले जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के अवंतीपुर के त्राल इलाके में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई । पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि, प्रतिबंधित आतंकी संगठनों अंसार गजवतुल हिंद और लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादी मारे गए।

Desk Team