अलगाववादी हुर्रियत नेताओं को लेकर जम्मू कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने कड़ी टिप्पणी की है। सत्यपाल मलिक ने कहा कि अलगाववादी संगठन हुर्रियत के साथ तब तक कोई बातचीत नहीं होगी जब तक कि वे पाकिस्तान से खुद को अलग नहीं कर लेते। मलिक ने तंज कसते हुए कहा कि हुर्रियत नेता पाकिस्तान की अनुमति के बिना टॉयलेट नहीं जाते, उनसे क्या बात करना।
सत्यपाल मलिक ने कहा है कि जून में पीडीपी-बीजेपी की सरकार गिरने के बाद उन्हें नहीं लगता कि वर्तमान हालात में राज्य में एक लोकप्रिय सरकार बन सकती है। राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने कहा, ‘मैंने किसी पक्षकार से बात नहीं की है। हाल ही में कई पार्टियों के प्रतिनिधियों से मिला था। जहां तक हुर्रियत की बात है तो वे पाकिस्तान से पूछे बिना टॉयलेट तक नहीं जाते। इसलिए जब तक कि वे पाकिस्तान को अलग नहीं रखते उनसे कोई बात नहीं होगी।’
इससे पहले सत्यपाल मलिक ने बीजेपी महासचिव राम माधव से राज भवन में मुलाकात की। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया, ‘राम माधव ने यहां राजभवन में राज्यपाल मलिक से मुलाकात की। इस दौरान विकास और शांति और सामान्य हालात समेत राज्य के समक्ष विभिन्न चुनौतियों को लेकर चर्चा हुई।’
प्रवक्ता ने बताया कि राम माधव ने राज्यपाल सत्यपाल मलिक को शहरी स्थानीय निकायों के चुनावों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बधाई दी और आशा जताई कि आने वाले पंचायत चुनाव में अधिकांश लोग मतदान में हिस्सा लेंगे।


Download Android App
Download iOS App



