J&K : आठ साल की बच्ची को अगवा कर हत्या के मामले में एसपीओ गिरफ्तार

Summary :

NULL

जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले में पिछले महीने आठ साल की बच्ची की अगवा करके हत्या करने के मामले में संलिप्तता के आरोप में एक एसपीओ को गिरफ्तार किया गया है। प्रदेश की अपराध शाखा ने विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) दीपक खजुरिया को गिरफ्तार किया है। यह मामले में दूसरी गिरफ्तारी है।

पुलिस ने आज बताया कि बच्ची का शव 17 जनवरी को रस्सना वन से मिला था। शव मिलने से एक हफ्ता पहले वह घोड़ों को चराने के दौरान लापता हो गई थी। यह मामला प्रदेश की विधानसभा में भी उठा था। विपक्षी पार्टियां दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही थीं। महबूबा मुफ्ती सरकार ने 23 जनवरी को बच्ची को अगवा कर हत्या करने के मामले की जांच के आदेश दिए थे और मामले को राज्य पुलिस की अपराध शाखा को सौंप दिया था।

अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आलोक पुरी ने कहा, ”हमने एसपीओ दीपक खजुरिया को नाबालिग लड़की के अपहरण और हत्या के मामले में उसकी संलिप्तता के लिए गिरफ्तार किया है।” उन्होंने कहा, ”हम कथित बलात्कार की तफ्तीश करने के लिए फोरेंसिक साइंस विभाग की सेवाएं ले रहे हैं।” राज्य पुलिस ने विशेष दल गठित किया था।

इसने 15 वर्षीय लड़के को गिरफ्तार किया था। दल का दावा था कि बच्चे ने बलात्कार की कोशिश का विरोध किया तो आरोपी ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। सरकार ने 20 जनवरी को एक एसएचओ को निलंबित करने का आदेश दिया था। सरकार ने मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के भी आदेश दिए हुए हैं।

देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।

Desk Team