कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने सोमवार को गुलाम नबी आजाद की डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी पर निशाना साधा और कहा कि उनकी पार्टी में गए और नेता मंगलवार को कांग्रेस में वापस आएंगे। जम्मू-कश्मीर के पूर्व उपमुख्यमंत्री तारा चंद और जम्मू कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) के पूर्व प्रमुख पीरजादा मोहम्मद सईद सहित 17 नेता इस महीने की शुरुआत में आजाद की ‘डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी’ (डीएपी) को छोड़कर कांग्रेस में पुन: शामिल हो गए थे।
कांग्रेस ने इन नेताओं का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा था कि ये सभी नेता कांग्रेस छोड़कर नहीं गए थे, ‘‘बल्कि ये दो महीने के अवकाश पर थे।’’ रमेश ने कटाक्ष करते हुए ट्वीट किया, ‘‘डीएपी – ‘डिसअपियरिंग (गायब हो रही) आजाद पार्टी’ के और नेता अवकाश समाप्त कर उस जगह लौटेंगे, जिससे उनका नाता है।’’ उन्होंने कहा कि जम्मू से समाचार मिलने की उम्मीद कीजिए, जहां 19 जनवरी को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का स्वागत किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



