जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने कोविड-19 महामारी से गंभीर रूप से प्रभावित होने वाले परिवारों के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के कार्यालय ने मंगलवार को टि्वटर पर एक वक्तव्य जारी कर इस बात की जानकारी दी। वक्तव्य के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर सरकार ने कोविड-19 के कारण अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों की मदद करने के लिए कई कदम उठाएं हैं।
इसी के तहत ऐसे वरिष्ठ नागरिकों को जीवन भर पेंशन की सुविधा दी जाएगी जिन्होंने परिवार के एकमात्र कमाने वाले व्यक्ति को खो दिया है। ऐसे बच्चे जिनके माता-पिता की मौत कोविड-19 के कारण हुई है, उन्हें सरकार की ओर से विशेष छात्रवृति दी जाएगी। सरकार ने कहा है कि कोविड-19 से प्रभावित ऐसे प्रत्येक परिवार को इसके दायरे में लाया जाएगा और उन्हें वित्तीय सहायता मुहैया कराई जाएगी।
सरकार ने कहा कि इस वैश्विक महामारी के कारण दिहाड़ी पर काम करने वाले लोग बेरोजगार हो गए हैं। सरकार ने प्रदेश में पंजीकृत प्रत्येक श्रमिक, पोनीवाले, पालकीवाले, पिठ्ठूवाले को अगले दो महीने तक एक-एक हजार रुपये की सहायता प्रदान करने का फैसला किया है।
सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राशन कार्ड धारकों को प्राथमिकता के आधार पर राशन उपलब्ध कराया जाए।वृद्ध पेंशन योजना, लाडली बेटी, पीएमएवाई, एमजीनरेगा और अन्य सामाजिक कल्याणकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली राशि को तत्काल जारी किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



