जम्मू- कश्मीर के राजौरी जिले के सुंदरबनी इलाके में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में आज चार आतंकी मारे गए। आतंकियों ने चार- पांच दिन पहले नियंत्रण रेखा के जरिये भारतीय सीमा में घुसपैठ की थी। इसके बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया था।
अधिकारियों ने तलाशी अभियान को देखते हुए सुंदरबनी तहसील में शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने का निर्देश दिया है। जम्मू- कश्मीर के पुलिस महानिदेशक एस पी वैद ने‘ पीटीआई- भाषा’ को बताया, ‘‘ मुठभेड़ में चार आतंकी मारे गए हैं।’’ उन्होंने बताया कि आतंकियों से मुठभेड़ में किसी के जख्मी होने की सूचना नहीं है।
वैद ने बताया कि नौशेरा और सुंदरबनी क्षेत्र के बीच आज सुरक्षा बलों ने आतंकियों का पता लगाया, जिसके बाद यह मुठभेड़ शुरू हुई। राजौरी के एसएसपी युगल मन्हास ने बताया कि सुंदरबनी में सीआरपीएफ के एक शिविर के बाहर से गोली बारूद के तीन बैग बरामद किये गए।
खबरों के अनुसार सुंदरबनी क्षेत्र के सोदरा स्थित सीआरपीएफ के एक शिविर के प्रवेशद्वार की सुरक्षा में तैनात एक सुरक्षाकर्मी ने अर्द्धसैनिक बल शिविर के पास कुछ संदिग्ध गतिविधि देखे जाने पर चेतावनी देने के लिए कुछ गोलियां चलाई। पुलिस और सुरक्षा बल के जवान उन आतंकवादियों का पता लगाने के लिए सुंदरबनी क्षेत्र में चार से पांच दिन से तलाशी अभियान चला रहे थे जिनके घुसपैठ करने का संदेह था।
सीआरपीएफ के जनसम्पर्क अधिकारी आशीष कुमार झा ने सीआरपीएफ शिविर पर हमले की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि सुंदरबनी में अर्द्धसैनिक बल के शिविर पर ऐसा कोई हमला नहीं हुआ है। इससे पहले राजौरी के उपायुक्त शाहिद इकबाल चौधरी ने तलाशी अभियान को देखते हुए सभी शिक्षण संस्थानों को बंद करने का आदेश दिया।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



