जम्मू-कश्मीर में पिछले 48 घंटों के दौरान भारी बर्फबारी और मूसलाधार बारिश के कारण कश्मीर की ओर जाने वाली सभी सड़कें बुधवार को बंद रहीं। यातायात विभाग के अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण यातायात निलंबित कर दिया गया है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे श्रीनगर और जम्मू में यातायात नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने से पहले यात्रा न करें। अधिकारियों ने बताया कि राजमार्ग को साफ करने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
- जम्मू-कश्मीर में पिछले 48 घंटों के दौरान भारी बर्फबारी हुई
- मूसलाधार बारिश से कश्मीर की ओर जाने वाली सड़कें बंद रहीं
- राजमार्ग पर कई स्थानों पर यातायात निलंबित कर दिया गया है
- बुधवार शाम से मौसम में सुधार की उम्मीद है
ऊंचे इलाकों में एक से तीन फीट हुई बर्फबारी
इस बीच, घाटी में जाने वाले अन्य सभी राजमार्ग जैसे मुगल रोड, सिंथन-किश्तवाड़ रोड, श्रीनगर-लेह रोड और कश्मीर के साथ गुरेज तथा करनाह/केरन के सीमावर्ती क्षेत्रों को जोड़ने वाले राजमार्ग भी बंद कर दिए गए। पिछले 48 घंटों के दौरान गुलमर्ग, सोनमर्ग, पहलगाम, दूदपथरी, डक्सम, कोकेरनाग और अन्य पहाड़ी इलाकों जैसे ऊंचे इलाकों में लगभग एक से तीन फीट ताजा बर्फबारी हुई।
आज शाम से मौसम में सुधार की उम्मीद
जम्मू-कश्मीर में पिछले 48 घंटों से जारी बारिश और बर्फबारी के बाद बुधवार शाम से मौसम में सुधार की उम्मीद है। भारतीय मौसम विभाग ने आज यह जानकारी दी। वहीं, बुधवार को राज्य में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर बारिश/बर्फबारी होने की भी संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, श्रीनगर में आज न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस, गुलमर्ग में शून्य से 9.4 डिग्री नीचे और पहलगाम में शून्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लद्दाख क्षेत्र में, लेह शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 13 डिग्री सेल्सियस नीचे था। जम्मू शहर में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस, कटरा में 6.7 डिग्री, बटोटे में शून्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस नीचे, भदरवाह में शून्य और बनिहाल में शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App





