केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर शहर में मंगलवार को एक आतंकी ग्रेनेड हमले में एक पुलिसकर्मी समेत चार लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि श्रीनगर शहर के हरि सिंह हाई स्ट्रीट इलाके में मंगलवार अपराह्न साढ़े तीन बजे आतंकियों ने सुरक्षाकर्मियों के एक दल पर ग्रेनेड फेंका, जो सड़क किनारे फटा।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
घायलों की पहचान मोहम्मद शफी, उसकी पत्नी तनवीरा, एक अन्य महिला अस्मत और पुलिस निरीक्षक तनवीर हुसैन के रूप में की गई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट से दुकान के शीशे टूट गए और धमाके की आवाज आते ही बाजार की व्यस्त गली में अफरातफरी मच गई।
सुरक्षा बलों के जवानों ने इलाके को घेरा
अधिकारियों ने कहा कि, सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और तलाशी शुरू कर दी गई है। 26 जनवरी और 15 अगस्त के आसपास कश्मीर में हमेशा तनाव रहता है, क्योंकि आतंकवादी आधिकारिक कार्यों को बाधित करने के अपने प्रयासों के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय ध्यान आकर्षित करने की कोशिश करते हैं।


Download Android App
Download iOS App



