कश्मीर में 25 मार्च को लावेपोरा में हुए आतंकी हमले में घायल जवान जगन्नाथ रॉय ने सोमवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सीआरपीएफ की तरफ से शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शहीद जवान जगन्नाथ रॉय पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे। उन्हें आतंकी हमले में गोली लगी थी।

बता दें कि गुरुवार शाम करीब पौने चार बजे आतंकियों ने लावेपोरा इलाके में मुख्य चौक के करीब सीआरपीएफ़ की नाका पार्टी के वाहनों पर ताबड़तोड़ फ़ायरिंग की थी। इस हमले में सीआरपीएफ़ की 73वीं बटालियन के चार जवान घायल हो गए थे। जिसमें उप निरीक्षक (एसआई) मंगा देब बर्मा और चालक कांस्टेबल अशोक कुमार शहीद हुए थे। जबकि सेना के बेस अस्पताल में भर्ती जवान जगन्नाथ रॉय ने आज अंतिम सांस ली।

जिस स्थान पर हमला हुआ वह काफी भीड़भाड़ वाला इलाका था। हमला कर भाग रहे आतंकियों पर सुरक्षा बलों ने इस वजह से गोलियां नहीं चलाईं कि इलाके में मौजूद आम नागरिकों को नुकसान पहुंच सकता था। वहीं आतंकवादी संगठन पीएएफएफ ने गुरुवार को श्रीनगर के बाहरी इलाके लावेपोरा में हमले की जिम्मेदारी ली।


Download Android App
Download iOS App



