जम्मू & कश्मीर में भारी भूस्खलन की वजह से दो दिनों तक बंद रहने के बाद 300 किलोमीटर लंबे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को आज हल्के मोटर वाहनों (एलएमवी) के लिए फिर से खोल दिया गया।
एक यातायात अधिकारी ने बताया, हल्के वाहनों को अब सुबह पांच बजे से रात 10 बजे तक नगरोटा से श्रीनगर की ओर और सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक लेवडोरा से काजीकुंड की ओर जाने की अनुमति दी गयी है। यात्री जम्मू को कश्मीर से जोडऩे वाली जवाहर सुरंग से दोपहर तीन बजे तक पार कर सकेंगे।
सभी मौसम में कश्मीर को देश के शेष हिस्सों से जोडऩे वाले राजमार्ग को 11 सितंबर को बंद कर दिया गया था। उधमपुर जिले में मोढ़ पासी में एक भारी भूस्खलन के कारण एक पुल को नुकसान पहुंचने और सड़क बंद होने के कारण यातायात को रोका गया था। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी हालात में भूस्खलन संभावित या संवेदनशील क्षेत्रों में वाहन खड़े नहीं किये जायें।


Download Android App
Download iOS App



