J&K : पुलवामा में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़, 2 लश्कर आतंकी ढेर

Summary :

NULL

नई दिल्लीः जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में भारतीय सुरक्षाबलों और आंतकियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आतंकियों के मारे जाने की खबर है। पुलवामा के लिट्टर गांव में हुई इस मुठभेड़ में मारे गए दोनों आतंकी लश्कर-ए-तैयबा के बताए जा रहे है। मारे गए आतंकियों के नाम वसीम शाह और हाफिज निसार बताए जा रहे है। सेना और सुरक्षाबलों के जवानों को यहां आतंकियों के छिपे होने के सूचना मिली थी। जिसके बाद आतंकियों की तलाशी के लिए अभियान चलाया गया। इस दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसके जवाब में हुई फायरिंग में दोनों आतंकी मारे गए। सुरक्षाबलों ने आतंकियों की तलाशी के लिए सर्च अभियान चला रखा है।

 

इससे पहले खबर आई थी कि पुलवामा के लिट्टर गांव में भारतीय सुरक्षाबलों और आंतकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है।

 

आपको बता दें कि शुक्रवार को पुलवामा से ही भारतीय सुरक्षाबलों ने जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी गुलजार डार को गिरफ्तार किया था। डार की गिरफ्तारी के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया था कि उससे पूछताछ के आधार पर सुरक्षाबलों ने उसके चार सहयोगियों को गिरफ्तार करने के लिए अभियान चलाया, हालांकि सभी चार विदेशी सहयोगी दक्षिण कश्मीर में वन क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद भागने में सफल रहे।

प्रवक्ता ने बताया, ‘‘डार को पुलवामा में एक अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया।’’ उन्होंने कहा कि डार पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद से संबद्ध था और 21 सितंबर को जिले के तराल इलाके में कार्य मंत्री नईम अख्तर पर ग्रेनेड हमले में संलिप्त था। अधिकारी ने बताया कि तलाशी अभियान जारी है।

इससे अलावा दो अक्टूबर को जम्मू एवं कश्मीर के श्रीनगर में हवाईअड्डे के नज़दीक गोगो हुमहमा इलाके के BSF कैंप पर आतंकियों ने हमला किया था। BSF की 182वीं बटालियन पर हुए इस हमले में सेना ने तीन आतंकियों को मार गिराया था। इस हमले में एक ASI शहीद हो गया था। जबकि तीन जवान घायल हो गए थे। मालूम हो कि सेना कश्मीर से आतंकियों का सफाया करने के लिए ‘ऑपरेशन ऑलआउट’ चला रही है।

 इसके तहत आतंकियों की एक लिस्ट तैयार की गई है। जिसके आधार पर अलग-अलग इलाकों में आतंकियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और कार्रवाई की जा रही है। अब तक इस ऑपरेशन के तहत कई आतंकियों को घाटी में ढेर किया जा चुका है।

Desk Team