JK: TMC प्रतिनिधिमंडल ने सीमा पार गोलीबारी से प्रभावित इलाकों का किया दौरा

Summary :

TMC ने सीमा पार गोलीबारी से प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा

टीएमसी प्रतिनिधिमंडल ने जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती इलाकों का दौरा किया, जहां पाकिस्तानी गोलीबारी से लोग प्रभावित हैं। उन्होंने सरकार से इन लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। सांसदों ने चिकित्सा सुविधाओं की कमी पर चिंता व्यक्त की और कहा कि सरकार को तुरंत ठोस कदम उठाने चाहिए।

ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को पाकिस्तान की ओर से हुई गोलीबारी का शिकार हो रहे जम्मू-कश्मीर के लोगों की सुरक्षा पर चिंता जताई। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यहां के लोगों को लगातार पाकिस्तान की तरफ से की जा रही गोलीबारी का सामना करना पड़ रहा है और इस स्थिति में सरकार को कुछ अहम कदम उठाने चाहिए।

सांसद सागरिका घोष ने कहा कि यहां के लोग चिकित्सा जैसी बुनियादी सुविधाओं से भी वंचित हैं। इन लोगों का जीवन संकट में है। पाकिस्तान की तरफ से गोलीबारी थम नहीं रही है। अब तक कई लोग घायल हो चुके हैं, जिन्हें उपचार भी नहीं मिल पाया। लेकिन, इस दिशा में अब तक कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया है।

व्यवस्थाओं को नाकाफी बताते हुए उन्होंने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए अभी तक सरकार की तरफ से कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की गई है? ये लोग सुरक्षित क्यों नहीं हैं? इनके पास बंकर क्यों नहीं हैं? यहां रहने वाले लोगों को हर रोज पाकिस्तान की तरफ से गोलीबारी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने पाकिस्तानी गोलीबारी का शिकार हुए इम्तियाज अहमद की स्थिति पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इम्तियाज अहमद अस्पताल में भर्ती हैं, वह अपना एक हाथ गंवा चुके हैं। अब वह कैसे अपने परिवार का पालन-पोषण करेंगे? आखिर वह कैसे अपने परिवार की देखभाल करेंगे? उधर, 14 वर्षीय आरफा की टांग खराब हो गई। अब वह कैसे खेलेगी? कैसे स्कूल जाएगी?

टीएमसी सांसद ने कहा कि हम इन सभी दुखभरी कहानियों को देश की मुख्यधारा की मीडिया के सामने रखेंगे और उन्हें बताएंगे कि किस तरह से यहां के लोगों को हर रोज पाकिस्तानी गोलीबारी का सामना करना पड़ रहा है। यहां के लोगों का जीवन संकट में है और इस तरह की स्थिति किसी एक समुदाय के लोगों के साथ नहीं, बल्कि हर समुदाय के लोगों के साथ बनी हुई है। यहां कोई एक ही समुदाय के लोग नहीं, बल्कि हर समुदाय के लोग रहते हैं। ऐसी स्थिति में सरकार को यहां की मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखते हुए फौरन ठोस कदम उठाना चाहिए।

वहीं, पश्चिम बंगाल सरकार के सिंचाई और जलमार्ग मंत्री मानस भुनिया ने भी हालात को दुखद बताया। उन्होंने पाकिस्तान की ओर से दागे जा रहे गोलों का जिक्र किया। कहा कि इससे जनहानि हो रही है जिसे देखकर कष्ट हो रहा है। साथ ही उन चिकित्सकों और लोगों का आभार जताया जो दुख के क्षण में मदद को आगे आए हैं।

बता दें कि तृणमूल कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, पुंछ और राजौरी में पाकिस्तानी गोलीबारी में शिकार हुए लोगों से मिलने पहुंचा है। इस प्रतिनिधिमंडल में डेरेक ओ’ब्रायन, नदीमुल हक, सागरिका घोष, मानस भुनिया और ममता ठाकुर शामिल हैं।

JK: SIA ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ में आतंकवादियों से जुड़े घरों पर छापेमारी की

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.