जम्मू-दिल्ली दुरंतो एक्सप्रेस में गुरुवार की सुबह पांच अज्ञात सशस्त्र लुटेरों ने 15 मिनट के भीतर यात्रियों से चाकू की नोक पर नकदी व गहने लूटे और फरार हो गए। इस दौरान सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं थी। एक यात्री ने यह जानकारी दी। ट्रेन के राष्ट्रीय राजधानी में दाखिल होने के बाद यह घटना बदली इलाके के निकट हुई। यहां गाड़ी रुकी थी हालांकि उसका कोई स्टॉप यहां निर्धारित नहीं है।
रेलवे के एक अधिकारी के अनुसार, ट्रेन को सराय रोहिला स्टेशन पहुंचने से पहले सिग्नल में कुछ दिक्कत की वजह से रोका गया था। यह मामला अश्वनी लुमार के द्वारा शिकायत पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के बाद सामने आया। लुमार जम्मू से दिल्ली की यात्रा कर रहे थे।
लुमार ने अपनी शिकायत में कहा कि यह घटना तड़के 3.30 बजे हुई और इस दौरान ट्रेन अटेंडेंट, टीटीई व सुरक्षा कर्मी मौजूद नहीं थे। यात्री ने अपनी शिकायत में कहा, ‘आज तड़के सुबह 3.30 बजे ट्रेन सिग्नल की समस्या की वजह से कहीं रुकी थी। पांच अज्ञात अपराधी बी3 व बी7 कोच में दाखिल हुए।
उन्होंने चाकू यात्रियों की गरदन पर रख दिए और उनसे उनका कीमती सामान ले लिया।’ उन्होंने कहा, ‘अज्ञात हमलावरों ने उनके पर्स, नकदी, बैग, सोने की चेन व दूसरी चीजें ले लीं। यह घटना दस से 15 मिनट के भीतर हो गई।’ उन्होंने कहा, ‘विडंबना यह है कि इस वारदात के समय न तो कोई कर्मचारी न ही कोई सुरक्षा कर्मी मौजूद था।’ उत्तरी रेलवे के मुख्य जन संपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) दीपक कुमार ने कहा कि कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, ‘रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) को मामले में कुछ जानकारी मिली है..हम जल्द ही अपराधियों को पकड़ने में समर्थ होंगे।’


Download Android App
Download iOS App



