श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में बड़ा मामला सामने आया है। यहां एक विधायक के घर तैनात एक विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) 7 AK-47 राइफल और एक पिस्टल लेकर फरार हो गया। आशंका जताई जा रही है कि फरार एसपीओ आतंकवादी गतिविधियों में शामिल हो गया है। मामला श्रीनगर का है। शहर के जवाहर नगर में पीडीपी विधायक के घर पर तैनात एसपीओ आदिल बशीर शुक्रवार को कई हथियार लेकर भाग गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि एसपीओ आदिल बशीर हथियारों के साथ लापता है। वह वाछी निर्वाचन क्षेत्र से पीडीपी के विधायक एजाज अहमद मीर के आवास पर तैनात था। एसपीओ दक्षिण कश्मीर के आतंकवाद प्रभावित शोपियां जिले से ताल्लुक रखता है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक उन्हें सूचना मिली कि पीडीपी विधायक के घर तैनात सुरक्षा कर्मियों के हथियार गायब हैं। इसके बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार एसपीओ को पकड़ने के लिए पूरी कश्मीर घाटी में एलर्ट घोषित कर दिया गया है। पुलिस ने एसपीओ के बारे में सूचना देने वाले को दो लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
अधिकारियों का कहना है कि विधायक के घर तैनात अन्य सुरक्षा कर्मियों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ करने की तैयारी चल रही है। गौरतलब है कि पिछले 10 दिनों में जम्मू-कश्मीर पुलिस में तैनात 40 से ज्यादा एसपीओ आतंकी गतिविधियों से भयभीत होकर इस्तीफा दे चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



