नई दिल्ली: राफेल के मुद्दे पर मोदी सरकार पर लगातार हमला बोलने वाले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना को लेकर भी निशाना साधा है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर से पीएम नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है और कहा है कि पीएम मोदी का प्रचार ही समाचार है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी सरकार की महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य बीमा योजना ‘आयुष्मान भारत’ के लिए आवंटित राशि को लेकर शुक्रवार को सवाल खड़ा किया और आरोप लगाया कि ‘राफेल घोटाले में अनिल अंबानी को 130,000 करोड़ रुपये दिये गये, लेकिन इस योजना के लिए सिर्फ दो हजार करोड़ रुपये का ‘झुनझुना’ थमाया गया है।
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘देश का चौकीदार ‘खुल जा सिमसिम’ कब कहता है? (जब) अनिल अम्बानी को राफेल घोटाले में 1,30,000 करोड़ रुपये देना होता है। लेकिन 50 करोड़ भारतीयों को आयुष्मान भारत में 2000 करोड़ रुपये दिया जाता है।’ उन्होंने कहा, ‘5 लाख के स्वास्थ्य बीमा झुनझुने पर मोदी जी का सालाना प्रति व्यक्ति खर्च मात्र 40। वाह मोदीजी वाह, समाचार ही आपका प्रचार है।
देश का चौकीदार ‘खुल जा सिमसिम’ कब कहता है?
अनिल अम्बानी को राफेल घोटाले में 1,30,000 Cr.
50 करोड़ भारतीयों को Ayushman Bharat-PMJAY में 2000 Cr!
5 लाख के स्वास्थ्य बीमा झुनझुने पर मोदीजी का सालाना प्रति व्यक्ति खर्च मात्र ₹40!
वाह मोदीजी वाह, समाचार ही आपका प्रचार.
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) 28 September 2018
दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने गत 23 सितंबर को रांची से ‘आयुष्मान भारत अथवा प्रधानमंत्री आरोग्य योजना’ की शुरुआत की। इस योजना के तहत देश के 10 करोड़ परिवारों को पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा मिलेगा। केंद्रीय बजट में इस योजना के पहले साल के लिए दो हजार करोड़ रुपये का शुरुआती आवंटन किया गया था।
इससे पहले मध्य प्रदेश दौरे के दौरान राहुल गांधी ने गुरुवार को कहा था कि हम चाहते हैं कि आपके फोन के पीछे, आपकी शर्ट के पीछे और जूते के नीचे मेड इन मध्य प्रदेश लिखा जाए। हम चाहते हैं कि मेड इन इंडिया लिखा जाए, हम चाहते हैं कि मेड बाई एचएएल लिखा जाए। राहुल ने कहा, ‘मोदी सरकार ने 526 करोड़ रूपये का लड़ाकू राफेल विमान 1600 करोड़ रूपये में खरीदने का सौदा किया है।”
उन्होंने कहा कि मोदी ने एचएएल से कॉन्ट्रैक्ट छीनकर अनिल अंबानी को 30,000 करोड़ रूपये का कॉन्ट्रैक्ट दिया है, जिन्होंने 10 दिन पहले ही यह कंपनी खोली थी और जिन्हें विमान बनाने का कोई अनुभव नहीं है। अनिल अंबानी पर पहले से ही 45,000 करोड़ रूपये का कर्जा है। राहुल ने कहा, ‘यह पैसा देश के लोगों का है. आपका है।’ उन्होंने कहा, ‘चौकीदार ने गरीबों, युवाओं, किसानों एवं अन्य लोगों की जेब से पैसा निकालकर अंबानी को दिया है।’


Download Android App
Download iOS App



