नेशनल कांफ्रेंस के लोकसभा सांसद मोहम्मद अकबर लोन के बेटे हिलाल अहमद और पीडीपी नेता नईम अख्तर की जन सुरक्षा कानून (पीएसए) के तहत हिरासत बृहस्पतिवार को खत्म हो गई। अधिकारियों ने बताया, ”संबंधित अधिकारियों ने पीएसए के तहत नईम अख्तर और हिलाल अहमद लोन की हिरासत को खत्म कर दिया है।”
इससे दो दिन पहले जम्मू-कश्मीर उच्च न्यायालय ने नेशनल कांफ्रेंस के महासचिव अली मोहम्मद सागर की पीएसए के तहत हिरासत खत्म कर दी थी। छह बार विधायक रह चुके सागर को 10 महीने बाद बुधवार को रिहा किया गया।
अख्तर मुख्यधारा के उन दर्जनों नेताओं में से एक हैं, जिन्हें पिछले साल पांच अगस्त को जम्मू-कश्मीर से विशेष दर्जा वापस लेकर उसे दो केन्द्र शासित प्रदेशों में विभाजित किये जाने के बाद एहतियातन हिरासत में ले लिया गया था।
अख्तर के अलावा जिन नेताओं को हिरासत में लिया गया उनमें नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला, उनके पुत्र उमर अब्दुल्ला और पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती शामिल हैं। ये तीनों नेता जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री रह चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



