जम्मू कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी (जेकेएनपीपी) ने शुक्रवार को केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा पर व्यापक जनादेश का विपक्ष को ‘कुचलने के लाइसेंस’ के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। साथ ही जेकेएनपीपी ने आरोप लगाया कि भगवा पार्टी ‘एक राष्ट्र, एक दल’ में विश्वास करती है।
पार्टी ने कहा कि विपक्ष के शीर्ष नेताओं को एहतियाती तौर पर नजरबंद कर राज्य में प्रखंड विकास परिषद (बीडीसी) का चुनाव कराने का फैसला ‘एक बड़ा अपराध एवं स्तब्धकारी’ है। पैंथर्स पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री हर्षदेव सिंह ने आरोप लगाया, ‘‘ भाजपा ने दिखा दिया है कि कैसे व्यापक जनादेश विपक्ष को कुचलने और लोकतांत्रिक विमर्श के शमन का लाईसेंस बन सकता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ इससे पूरे विपक्ष को नष्ट करने और बस एक दल के बने रहने और राजनीतिक अखाड़े में उसकी तूती बोलने की उसकी (भाजपा की) इच्छा का स्पष्ट रूप से खुलासा हो गया है।’’ सिंह ने आरोप लगाया कि पांच अगस्त के बाद से भाजपा नेताओं को राजनीतिक सभाएं एवं रैलियां करने दी जाती है और उन्हें मतदाताओं तक निर्बाध पहुंच प्राप्त है जबकि विपक्षी नेताओं को जनसमूह एवं मीडिया तक पहुंच से वंचित किया जाता है।
उन्होंने कहा, ‘‘ भगवा पार्टी जम्मू कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम के पारित होने के बाद से पंचायत चुनाव के दूसरे स्तर के लिए निर्बाध अभियान जारी रखे हुए है जबकि राज्य में समूचे विपक्ष को किसी भी तरह की राजनीतिक गतिविधि चलाने से बाधित किया गया है।’’


Download Android App
Download iOS App



