जम्मू & कश्मीर में आतंकी गतिविधियों को फंडिंग के सिलसिले में एनआईए ने कश्मीर विश्वविद्यालय के एक शोध छात्र, व्यापार संगठन के प्रमुख और दो हुर्रियत नेताओं को समन जारी किया है। अधिकारियों ने आज कहा कि इन सभी को कल एनआईए के सामने पेश होने को कहा गया है।
उन्होंने कहा कि कश्मीर ट्रेडर्स एंड मार्केटिंग फेडरेशन के यासीन खान, कश्मीर विश्वविद्यालय के शोधार्थी आला फाजिल, र्हुियत के सैयद अली शाह गिलानी के नेतृत्व वाले पाकिस्तान समर्थित धड़े के अब्दुल हामिल माग्रे और वली मोहम्मद को एनआईए के दिल्ली स्थित मुख्यालय में पूछताछ के लिये पेश होने को कहा गया है।
खान को समन किये जाने के विरोध में कश्मीर के कारोबारी संगठन ने कल हड़ताल का आहवान किया है। अधिकारियों ने कहा कि कश्मीर बार असोसिएशन के अध्यक्ष मियां कय्यूम को फिर से समन किये जाने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि पूर्व में दर्ज किये गये उनके बयान से जुड़े कई बिंदुओं का मिलान किया जा रहा है।
अधिकारियों ने कहा कि एनआईए के समक्ष कल समन किये गये लोगों से कथित तौर पर सुरक्षा बलों पर पथराव करने वाले विभिन्न समूहों को कथित तौर पर रकम दिये जाने को लेकर पूछताछ किये जाने की उम्मीद है।
अधिकारी ने कहा कि एनआईएन ने 30 मई को र्हुियत कॉन्फ्रेंस के अज्ञात सदस्यों समेत अलगाववादी और पृथकतावादी नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया था। ये लोग प्रतिबंधित आतंकी संगठनों हिज्बुल मुजाहिद्दीन, दुख्तरान-ए-मिल्लत, लश्कर-ए-तैयबा और अन्य संगठनों तथा गिरोहों के सक्रिय आतंकवादियों के साथ मिलकर काम कर रहे थे।


Download Android App
Download iOS App



