उत्तर कश्मीर में आतंकवादियों के ग्रेनेड हमले में आज तीन सुरक्षाकर्मी घायल हो गये। पुलिस ने बताया कि आतंकवादियों ने बारामूला जिले के सोपोर में सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर वाहन पर ग्रेनेड फेंका लेकिन चौकस विशेष पुलिस अधिकारी ने विस्फोटक फेंक कर कई जानें बचा ली।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि ग्रेनेड हमले में तीन सुरक्षा कर्मी – दो एसपीओ और एक सीआरपीएफ जवान घायल हो गए। प्रवक्ता ने बताया, सतर्क एसपीओ ने ग्रेनेड को सुरक्षित जगह पर फेंक दिया जिससे उनके सहयोगियों और नागरिकों की जान बच गयी। आतंकियों ने सुरक्षा बलों के वाहन के भीतर ग्रेनेड फेंका था।
पुलिस महानिदेशक एस पी वैद ने संवाददाताओं से कहा कि आतंकवादियों की ग्रेनेड तक पहुंच बढऩे की वजह से ग्रेनेड फेंकने की घटनाओं में वृद्धि हुयी है। एक समारोह के इतर वैद ने संवाददाताओं से कहा, ग्रेनेड की आपूर्ति के कारण ये घटनाएं हुयी है। हम सतर्क हैं। वाहन से ग्रेनेड फेंककर एक चौकस एसपीओ ने हादसा टाल दिया।
बहरहाल, पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने एसपीओ द्वारा दिखायी गयी सूझबूझ की तारीफ की और मांग की कि उसकी सेवा तुरंत नियमित की जाए। उमर ने ट्वीट किया, बहादुर एसपीओ को जम्मू कश्मीर में तुरंत नियमित कर उनके द्वारा दिखायी गयी सूझ बूझ के लिए सम्मानित किया जाना चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



