कोरोना : उमर अब्दुल्ला ने रिश्तेदार के निधन पर लोगों से की जमा न होने की अपील, PM मोदी ने बताया सराहनीय

Summary :

उमर के इस कदम की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

देश में जारी लॉकडाउन के बीच जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अपने एक रिश्तेदार के निधन पर लोगों से आग्रह किया कि वे शोक जताने न आएं, बल्कि अपने घर से ही मृतात्मा की शांति के लिए प्रार्थना करें। उमर के इस कदम की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। 
प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर लिखा, उमरअब्दुल्ला जी आपके और पूरे परिवार के प्रति मेरी संवेदना है। उनकी आत्मा को शांति मिले। दु: ख की इस घड़ी में, किसी भी बड़ी सभा से बचने के लिए आपका आह्वान सराहनीय है और भारत को COVID-19 के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करेगा। दरअसल, अब्दुल्ला ने रविवार को ट्वीट में जानकारी साझा कर कहा कि उनके चाचा मोहम्मद अली मट्टू का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है। 


उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से कहा, “इस कठिन समय में परिवार सभी से अपील करता है कि आप सभी उनके निवास स्थान या कब्रिस्तान में इकट्ठा न होने के दिशानिर्देशों का सम्मान करें। आप अपने घरों से ही उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करें।” 

गौरतलब है कि पांच अगस्त, 2019, को संसद द्वारा अनुच्छेद 370 को रद्द किए जाने और जम्मू एवं कश्मीर से विशेष राज्य का दर्जा वापस लिए जाने के बाद से उमर अब्दुल्ला को सरकार ने हिरासत में रख रखा था। उन्हें 23 मार्च को रिहा किया गया है। वहीं, 23 मार्च मध्यरात्रि के बाद से देशव्यापी लॉकडाउन लागू है। 

Desk Team