एक तरफ भारत समेत पूरा विश्व कोरोना नामक महामारी से लड़ रहा है, तो दूसरी ओर पाकिस्तान अपना नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। मंगलवार को एक बार फिर पाकिस्तानी सैनिकों की ओर से संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया। जिसका भारतीय सैनिकों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास अग्रिम क्षेत्रों में पाकिस्तानी सैनिकों ने मंगलवार को संघर्ष विराम का उल्लंघन कर भारी गोलीबारी की और मोर्टार के गोले दागे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि भारतीय सेना ने पाकिस्तानी आक्रमण का मुंहतोड़ जवाब दिया। उन्होंने कहा, ‘‘पाकिस्तानी सेना ने राजौरी जिले के सुंदरबनी सेक्टर में आज शाम लगभग पांच बजकर 15 मिनट पर बिना उकसावे के गोलीबारी की और मोर्टार के गोले दागे।’’
पुंछ जिले में एलओसी के पास अग्रिम चौकियों पर गत 18 जुलाई को पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन कर बिना उकसावे के गोलीबारी की थी। बता दें कि पाकिस्तानी सैनिकों ने राजौरी जिले में एलओसी के पास 10 जुलाई को भी संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था जिसमें सेना का एक जवान शहीद हो गया था।