पाकिस्तान कश्मीर में आतंकी घुसपैठ में लगातार मदद कर रहा : सेना 

Summary :

लेफ्टिनेंट जनरल भट्ट ने कहा कि रमजान संघर्षविराम को बढ़ाने या बंद करने का निर्णय सरकार का है। दोनों स्थितियों में सेना सरकार के निर्णय को लागू करेगी।

सेना के एक वरिष्ठ सैन्य कमांडर ने मंगलवार को कहा कि रमजान के दौरान लागू संघर्षविराम से सामान्य कश्मीरियों के जीवन में शांति आई है, लेकिन पाकिस्तान कश्मीर घाटी में आतंकवादियों की घुसपैठ में लगातार मदद कर रहा है। 15 कॉर्प्स के श्रीनगर मुख्यालय के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल ए.के.भट्ट ने बताया, ‘रमजान संघर्षविराम से आम कश्मीरियों के जीवन में शांति के कुछ पल आए हैं, जिन्होंने इस पहल की सराहना की है।’

उन्होंने कहा, ‘हमें खुशी है कि रमजान के पवित्र महीने के दौरान कोई नागरिक हताहत नहीं हुआ है, लेकिन पाकिस्तान के राज्य में घुसपैठ में मदद के प्रयास जारी हैं।’ लेफ्टिनेंट जनरल भट्ट यहां छात्रों के लिए मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट की मुफ्त आवासीय कोचिंग का उद्घाटन करने के लिए आए थे।

उन्होंने कहा कि नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर सेना घुसपैठ की चुनौती के लिए तैनात है। अधिकारी ने हालांकि यह भी कहा कि ऐसा कोई संकेत नहीं है कि आने वाले महीनों में घुसपैठ के प्रयासों में वृद्धि होगी। लेफ्टिनेंट जनरल भट्ट ने कहा कि रमजान संघर्षविराम को बढ़ाने या बंद करने का निर्णय सरकार का है। उन्होंने कहा, ‘दोनों स्थितियों में सेना सरकार के निर्णय को लागू करेगी।’

हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें।

Desk Team