जम्मू कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करके दो पाकिस्तानी ड्रोन शनिवार तड़के भारतीय सीमा में घुस आए और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने उन पर गोलीबारी की।अधिकारियों ने बताया कि तड़के साढ़े चार और पौने पांच बजे के बीच आरएस पुरा सेक्टर के अरनिया क्षेत्र में बीएसएफ के जवानों ने ड्रोनों को मार गिराने की कोशिश में उन पर करीब 15 गोलियां चलाईं जिसके बाद वे पाकिस्तान की ओर लौट गए।
पाकिस्तान ड्रोनों का इस्तेमाल हथियार और मादक पदार्थ गिराने के लिए करता रहा है। यह ताज़ा कोशिश ऐसे समय में हुई है जब जम्मू-कश्मीर में सरहद पर शांति है। भारत और पाकिस्तान 24 और 25 फरवरी की दरमियानी रात से 2003 के संघर्ष विराम समझौते को बरकरार रखने पर सहमत हुए थे जिसके बाद सीमा पर शांति कायम हुई।
बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया, “ आज सुबह अरनिया के जब्बोवाल और विक्रम सीमा चौकी क्षेत्रों के ऊपर दो ड्रोन मंडराते हुए दिखे। बीएसएफ के जवानों ने उन पर गोलीबारी की जिसके बाद वे वापस पाकिस्तान की तरफ लौट गए।”
उन्होंने कहा कि पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली गई है और यह पता लगाने के लिए खोज अभियान चलाया जा रहा है कि ड्रोनों ने पाकिस्तान की तरफ लौटने से पहले कुछ गिराया तो नहीं है।अधिकारी ने बताया कि अब तक कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला है।


Download Android App
Download iOS App



