जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी हमला, सीआरपीएफ के पांच जवान शहीद, एक आतंकवादी ढेर

Summary :

अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ में एक आतंकवादी को मार गिराया गया । उसके पास से एक एके राइफल भी बरामद हुयी है।

 दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में बुधवार को हुए आतंकवादी हमले में सीआरपीएफ के पांच जवान शहीद हो गए जबकि चार अन्य सुरक्षा कर्मी घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ में एक आतंकवादी को मार गिराया गया । उसके पास से एक एके राइफल भी बरामद हुयी है। 

अधिकारियों ने बताया कि कम से कम दो आतंकवादियों ने अनंतनाग के व्यस्त केपी रोड पर सीआरपीएफ के गश्ती दल पर स्वचालित राइफलों से गोलीबारी की और हथगोले फेंके। उन्होंने बताया कि हमले में सीआरपीएफ के पांच जवान शहीद हो गए जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों को 92 बेस अस्पताल ले जाया गया है। 

अनंतनाग थाने के एसएचओ अरशद अहमद भी हमले में घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए श्रीनगर ले जाया गया है। जिस इलाके में हमला हुआ है वहां सीआरपीएफ की 116वीं बटालियन की ब्रावो कंपनी और राज्य पुलिस की संयुक्त टीम को पिकेट ड्यूटी पर तैनात किया गया था। 

Desk Team