जम्मू-कश्मीर में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को यातायात बंद करना पड़ा जिसके चलते 1,500 से अधिक वाहन अलग-अलग स्थानों पर फंस गए। यातायात विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि कश्मीर को पूरे देश से जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग पर यातायात श्रीनगर और जम्मू दोनों ओर से रोक दिया गया है। ऐसा पूरे मार्ग पर हो रही बर्फबारी और बरसात को देखते हुए किया गया है।
आज सुबह से भारी बारिश और बर्फबारी के कारण रामबन-बनिहाल सेक्टर में 1,500 से अधिक वाहन फंस गए, जिनमें से अधिकतर कश्मीर की ओर जाने वाले वाहन हैं। अधिकारी ने बताया कि सुबह दस बजे तक जवाहर सुरंग के दोनों ओर बर्फ की आठ इंच मोटी परत जमा हो गई जिससे सड़क फिसलनभरी हो गई। रामबन जिले में पनथियाल और रामसू के बीच विभिन्न स्थानों पर बारिश के कारण पत्थर टूट-टूट कर गिरते रहे।
अधिकारियों ने बताया कि उधमपुर जिले के पर्यटन स्थल पटनीटॉप समेत जम्मू क्षेत्र में ऊंचाई पर स्थित इलाकों में बर्फबारी हुई। उन्होंने बताया कि जम्मू में तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा और कटरा में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


Download Android App
Download iOS App



