मेलबर्न : सेरेना विलियम्स और रोजर फेडरर ने आस्ट्रेलियाई ओपन में सोमवार को जीत से शुरुआत की जिसके बाद बारिश के कारण अफरा-तफरी का माहौल बन गया और इस तरह से जंगलों की लगी आग के कारण भी चर्चा में रहे वर्ष के पहले ग्रैंडस्लैम के शुरुआती दिन कई मैच नहीं हो पाये।
विश्व में नंबर तीन फेडरर रॉड लेवर एरेना में छत बंद करने के समय ही कोर्ट से बाहर रहे। उन्होंने वापस लौटकर अमेरिका के स्टीव जानसन को 6-3, 6-2, 6-2 से हराया। यहां 20 साल पहले पदार्पण करने के बाद फेडरर कभी पहले दौर से बाहर नहीं हुए। मारग्रेट कोर्ट एरेना और मेलबर्न एरेना में भी छत बंद करने के बाद खेल चलता रहा। मंगलवार को भी बारिश की भविष्यवाणी की गयी है जिससे मैचों के प्रभावित होने की संभावना है।
पहले दिन बारिश के कारण 64 में से 48 मैच मंगलवार तक टाल दिये गये। इस बीच अपने 24वें ग्रैंडस्लैम खिताब की अपनी कवायद में लगी सेरेना विलियम्स ने दमदार शुरुआत की जबकि पिछले साल की चैंपियन नाओमी ओसाका ने भी सीधे सेटों में जीत से दूसरे दौर में जगह बनायी। सेरेना ने रूस की एनस्तासिया पोटापोवा के खिलाफ पहला सेट 19 मिनट में जीता और फिर केवल 58 मिनट में 6-0, 6-3 से मैच अपने नाम किया।
सेरेना की बड़ी बहन वीनस को हालांकि 15 वर्षीय कोको गॉफ ने 7-6 (7/5) 6-3 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया। ओसाका ने भी चेक गणराज्य की मैरी बोजकोवा को 80 मिनट में 6-2, 6-4 से जीत दर्ज की। सेरेना की सहेली और संन्यास लेने से पहले अपने अंतिम ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट में खेल रही कारोलिन वोजनियाकी भी सीधे सेटों में जीत दर्ज करके दूसरे दौर में पहुंच गयी।
डेनमार्क की इस गैरवरीय खिलाड़ी ने अमेरिका की क्रिस्टी एन को 6-1, 6-3 से हराया। शाम का सत्र ढके हुए सेंटर कोर्ट में खेला गया जिसमें आस्ट्रेलिया की दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी एशले बार्टी ने एक सेट से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए लेसिया सुरेंको को 5-7, 6-1, 6-1 से शिकस्त दी। दुनिया के छठे नंबर के खिलाड़ी स्टेफानोस सिटसिपास ने सालवाटोर कारूसो को 6-0, 6-2, 6-3 से शिकस्त देकर दूसरे दौर मे प्रवेश किया।
इस 21 साल के खिलाड़ी से काफी उम्मीदें हैं क्योंकि उसने 2019 में रोजर फेडरर को हराकर उलटफेर करते हुए अंतिम चार में प्रवेश किया था। टूर्नामेंट के अधिकारी प्रदूषण पर करीबी नजर लगाये हैं और अगर पीएम 2.5 200 तक पहुंचता है तो वे खेल रोक देंगे और मुख्य स्टेडियम की तीन छत बंद कर देंगे।


Download Android App
Download iOS App



