जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में टॉल प्लाजा के खिलाफ छह दिन बाद ट्रांसपोर्टरों द्वारा अपनी हड़ताल अस्थायी रूप से वापस लेने के बाद जम्मू-पठानकोट राजमार्ग पर रविवार को निजी बस सेवा बहाल हो गई। सरकार ने उनके मुद्दों का समाधान करने का आश्वासन दिया है।
इस बीच, ट्रांसपोर्टरों ने सरकार को उनकी मांगों का समाधान करने के लिए 10 दिन का समय दिया है, अन्यथा राज्यभर में चक्का जाम की धमकी दी है। वे सोमवार को अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गये थे। उनका दावा था कि यह टॉल टैक्स बीमा, परमिट, यातायात उल्लंघन जुर्माने और ईंधन के दाम में वृद्धि के बाद अतिरिक्त बोझ है।
कठुआ-जम्मू बस एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलदीप सिंह ने कहा, ‘‘10दिन की हड़ताल को निलंबित करने का निर्णय विभिन्न एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों की बैठक के बाद लिया गया है। उससे पहले जम्मू के संभागीय आयुक्त संजीव वर्मा ने आश्वासन दिया था कि सरोर में टॉल टैक्स में बड़ी राहत दी जाएगी।’’
उन्होंने बताया कि बैठक के बाद आज सुबह से बस सेवा बहाल करने का निर्णय लिया गया ताकि दिवाली के मद्देनजर लोगों को आवाजाही में आसानी हो।


Download Android App
Download iOS App



