जम्मू : जम्मू कश्मीर के पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह का कहना है कि राज्य में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक वहां शांति का माहौल नहीं बन जाता। दिलबाग सिंह ने सोमवार को पुलिस कर्मियों से एक जुलाई से शुरू होने जा रही 46 दिन की सालाना अमरनाथ तीर्थ यात्रा के लिए पूरी तरह तैयार रहने को भी कहा।
पवित्र अमरनाथ गुफा दक्षिण कश्मीर हिमालय में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। सिंह ने ऊधमपुर जिले में पुलिस ‘दरबार’ को संबोधित करते हुए कहा ‘‘जम्मू कश्मीर पुलिस ने विभिन्न आतंकवादियों और कमांडरों का सफाया कर आतंकवाद पर लगाम कसने में काफी हद तक सफलता हासिल की है। राज्य में आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक राज्य में शांति स्थापित करने का हमारा लक्ष्य पूरा नहीं हो जाता।’’
उन्होंने राज्य में, खास कर जम्मू क्षेत्र के ऐसे कुछ इलाकों में आतंकवाद को पुनर्जीवित करने के प्रयास नाकाम करने के लिए पुलिस की कोशिशों की सराहना भी की जहां करीब एक दशक पहले इस बुराई का सफाया हो चुका है। पुलिस प्रमुख ने अपने जवानों से मनोबल ऊंचा रखने और हर स्तर पर अनुशासन बनाए रखने को कहा।


Download Android App
Download iOS App



