Weather Update: जम्मू-कश्मीर में न्यूनतम तापमान में राहत, शनिवार के बाद बर्फबारी के आसार - Latest News In Hindi, Breaking News In Hindi, ताजा ख़बरें, Daily News In Hindi

Weather Update: जम्मू-कश्मीर में न्यूनतम तापमान में राहत, शनिवार के बाद बर्फबारी के आसार

जम्मू-कश्मीर में न्यूनतम तापमान में कुछ सुधार होने से घाटी में भीषण सर्दी से कुछ राहत मिली है।

जम्मू-कश्मीर में न्यूनतम तापमान में कुछ सुधार होने से घाटी में भीषण सर्दी से कुछ राहत मिली है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि घाटी में शनिवार के बाद कुछ दिनों तक बर्फबारी हो सकती है। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में बृहस्पतिवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पिछली रात यहां इस मौसम का सबसे कम तापमान शून्य से नीचे 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। घाटी के प्रवेश द्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.8 डिग्री सेल्सियस जबकि सीमांत जिले कुवपाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वार्षिक अमरनाथ यात्रा के आधार शिविर अनंतनाग के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछली रात के न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 9.2 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा है। उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में स्थित प्रसिद्ध स्की रिसोर्ट गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने कहा है कि शुक्रवार को बादल छाए रहेंगे लेकिन मौसम ज्यादा शुष्क रहेगा। विभाग ने हालांकि रात में कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी और शनिवार के बाद अलग-अलग स्थानों पर बर्फबारी की 70 प्रतिशत संभावना जताई है।कश्मीर में इस समय ‘‘चिल्लई कलां’’ का दौर जारी है। 40 दिन का यह दौर सबसे मुश्किल समय होता है, जब बर्फबारी सबसे ज्यादा होती है। यह दौर 21 दिसंबर से शुरू होकर 30 जनवरी को समाप्त होता है। घाटी में ‘‘चिल्लई खुर्द’’ (छोटी सर्दी) के 20 दिन और ‘‘चिल्लई बच्चा’’ (शिशु सर्दी) के 10 दिन के बाद भी ठंड जारी रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

20 − 4 =

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।