Babulal Marandi Questions CID : झारखंड में JSSC-CGL और अन्य भर्ती परीक्षाओं को लेकर छिड़ा विवाद अब एक बड़े राजनीतिक घमासान में बदल गया है। झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है।
मरांडी का आरोप है कि राहुल गांधी छात्रों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को गुप्त रूप से पत्र लिख रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब राहुल गांधी देश भर में युवाओं के मुद्दों पर खुलकर बोलते हैं, तो झारखंड के छात्रों के मामले में यह गोपनीयता और आंख-मिचौली क्यों की जा रही है?
परीक्षा धांधली का आरोप
बाबूलाल मरांडी ने अपने पोस्ट में कहा कि मीडिया के जरिए यह बात सामने आ रही है कि पत्र भेजा गया है, लेकिन इसके मजमून की जानकारी खुद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और प्रभारी तक को नहीं है। JPSC और JSSC-CGL परीक्षा में हुई कथित धांधली का जिक्र करते हुए उन्होंने गंभीर आरोप लगाया कि 2200 पदों पर हुई परीक्षा में सीटें बेची गईं।
इस पूरे प्रकरण में मुख्यमंत्री, सीएम आवास और सीआईडी की भूमिका पर सवाल उठाते हुए मरांडी ने पूछा कि क्या धांधली के जरिए जुटाए गए पैसों में राहुल गांधी की भी हिस्सेदारी है? उन्होंने राहुल गांधी से मेधा घोटाले पर अपना रुख साफ करने की मांग की।
कांग्रेस मीडिया प्रभारी का रिस्पोंस
दूसरी ओर, कांग्रेस ने बीजेपी नेता के इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने मरांडी के बयान को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए पलटवार किया। उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी को अनर्गल बयानबाजी करने की आदत हो चुकी है।
सिन्हा ने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी का पत्र कोई गुप्त दस्तावेज नहीं है, बल्कि सरकार में शामिल पार्टी के मंत्रियों द्वारा इसे सार्वजनिक मंचों पर जारी किया गया है। कांग्रेस प्रवक्ता ने तंज कसते हुए कहा कि अगर मरांडी अपनी ही पार्टी की सोशल मीडिया टीम के संपर्क में रहते, तो इस तरह के आधारहीन बयान देने से बचते।
यह भी पढ़ें – धक्का-मुक्की में सीने पर लगी चोट, झंडा फहराने से रोका, देवेंद्र महतो ने पुलिस पर लगाया बड़ा आरोप



Download Android App
Download iOS App




