सैंडविच का नाम सुनते ही लोगों के मुंह में पानी आ जाता है, क्योंकि इसका स्वाद ही इतना लाजवाब होता है। सैंडविच टेस्टी होने के साथ-साथ हेल्दी भी होती है। इसे आप कई तरीकों से बनाकर खा सकते हैं। सुबह या शाम के नाश्ते में खाने के लिए ये एक हेल्दी ऑप्शन है। इसे कुछ सामग्री और हरी सब्जियों से बनाया जाता है। ऐसे में आज हम आपको 4 सैंडविच रेसिपी के बारे में बताएंगे, जिसे आप नाश्ते के साथ-साथ लंच में भी पैक कर सकते हैं। इसे बनाना बेहद आसान होता है।
मॉर्निंग ब्रेकफास्ट के लिए हेल्दी सैंडविच
1. वेजिटेबल दही सैंडविच

यह सैंडविच बिना मेयोनीज के दही से बनाया जाता है, जो पेट को लंबे समय तक भरा हुआ रखता है। इसे बनाने के लिए गाढ़ा दही, बारीक कटा शिमला मिर्च, गाजर, खीरा, हरी मिर्च, काली मिर्च पाउडर और नमक लें। इसके बाद एक कटोरी में गाढ़ा दही और कटी सब्जियां डाल लें। इसके बाद नमक और काली मिर्च पाउडर डालकर मिक्स करें। अब एक ब्रेड स्लाइस लेकर उसको ऊपर मिश्रण को रखें और तवे पर घी लगाकर दोनों तरफ सेकें।
2. पनीर पालक सैंडविच

यह सैंडविच प्रोटीन और आयरन से भरपूर होता है इसे आप सुबह या शाम के नाश्ते में बच्चों और बड़ों दोनों के लिए बना सकते हैं। इसे बनाने के लिए कद्दूकस किया हुआ पनीर, बारीक कटा पालक, प्याज, चुटकी भर चाट मसाला और चुटकी भर जीरा पाउडर लें। फिर एक पैन में हल्का सा तेल डालकर पालक और प्याज को 1-2 मिनट तक भूनें। फिर इसमें कद्दूकस किया पनीर, नमक और चाट मसाला मिक्स करें। इसके बाद मिश्रण को ठंडा होने दें और ब्रेड की स्लाइस पर रखें। फिर तवे पर दोनों तरफ से हल्का सा ग्रिल करें और सर्व करें।
3. बेसन टोस्ट सैंडविच

यह सैंडविच खाने में बेहद टेस्टी और हेल्दी लगता है इसे ब्रेड और बेसन के घोल से बनाया जाता है। इसे बनाने के लिए 1 कप बेसन, कटी प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, हरा धनिया, अजवाइन, हल्दी, और नमक लें। फिर बेसन में थोड़ा पानी मिलाकर घोल बना लें। इसके बाद इसमें सब्जियां और मसाले डाल दें। अब एक ब्रेड स्लाइस लेकर उसे बेसन के घोल में डुबोएं। इसके बाद तवे पर हल्का तेल या घी गर्म करें और इसे दोनों तरफ सेककर सर्व करें।
4. ग्रील्ड कॉर्न और शिमला मिर्च सैंडविच

भुट्टे के दाने और शिमला मिर्च से बना ये हेल्दी सैंडविच हर किसी को बेहद पसंद आता है। इसे बनाने के लिए उबले हुए स्वीट कॉर्न, कटी शिमला मिर्च, थोड़ा सा घर का बना पनीर या लो-फैट चीज, और ओरिगेनो/काली मिर्च लें। इसके बाद एक कटोरे में कॉर्न, शिमला मिर्च और मैश किया हुआ पनीर डालकर मिक्स करें। फिर इसमें थोड़ा-सा नमक और ओरिगेनो/काली मिर्च पाउडर डालें। अब एक ब्रेड स्लाइस में इस स्टफिंग को भरें। इसे टोस्टर या तवे पर दोनों तरफ से क्रिस्पी होने तक सेंकें।



Download Android App
Download iOS App




