मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन कुएं के धंसने से तीन मजदूर मलबे में दब गए हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है। जानकारी के अनुसार यहां के खुनाझिर खुर्द गांव में एक पुराने कुएं का मलबा निकालकर उसकी मरम्मत की जानी थी। मलबा निकालने के दौरान कुआं धंस गया। कुआं में काम कर रहे कुछ मजदूर बाहर निकल आए। लेकिन, तीन अन्य मलबे में दब गए। जो मजदूर मलबे में दबे हैं, उनमें एक महिला और दो पुरुष हैं। इनके नाम राशिद, वासिद और शहजादी बताए जा रहे हैं।
घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
कुएं के धंसने की जानकारी मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में पहुंच गए। मलबा धंसने के दौरान सुरक्षित बाहर निकले मजदूरों ने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। यह मजदूर रायसेन जिले के गैरतगंज इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। उसी से पता चला है कि तीन मजदूर मलबे में दबे हुए हैं। हादसे की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच चुके हैं। मलबे को हटाने के लिए जेसीबी मशीनों का उपयोग किया जा रहा है।
राहत और बचाव कार्य जारी
फिलहाल यही माना जा रहा है कि मलबे में तीनों दबे हुए हैं। अंधेरा होने के कारण राहत और बचाव कार्य में कुछ बाधा आ रही है। प्रशासन ने घटनास्थल पर रोशनी का इंतजाम किया है ताकि राहत और बचाव कार्य जारी रहे। बताया गया है कि कुएं के मरम्मत कार्य में कुल छह मजदूर लगे हुए थे, मगर तीन मजदूर बचकर निकल गए। जो लोग अंदर की तरफ थे, वे दब गए। राहत और बचाव कार्य के दौरान गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर मौजूद हैं।


Download Android App
Download iOS App



