मध्य प्रदेश के कांग्रेस विधायक काला कपड़ा बांधकर विधानसभा परिसर में पहुंचे

Summary :

काला कपड़ा बांधकर कांग्रेस विधायकों ने जताया विरोध

मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू हो गया है और पहले ही दिन से कांग्रेस विधायक आक्रामक हैं। सदन की अवधि कम होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस विधायक काला कपड़ा बांधकर सदन परिसर में पहुंचे। गांधी प्रतिमा के सामने जाकर नारेबाजी भी की। राज्य विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू हो गया है। यह सत्र 24 मार्च तक चलेगा, 15 दिवसीय सत्र में कुल नौ बैठकें होंगी। बजट सत्र की अवधि कम होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस विधायकों ने विरोध प्रदर्शन किया।

कांग्रेस विधायक सचिन यादव का कहना है कि राज्य की विधानसभा के इतिहास में यह पहला अवसर है जब बजट सत्र इतना छोटा है। यह कहीं न कहीं सरकार संदेश दे रही है कि जो जनता से जुड़े और गंभीर मुद्दे हैं, उनके अनदेखा कर रही है। इसके विरोध के प्रतीक के तौर पर काला नकाब पहनकर हम आए हैं। जनता को संदेश दे रहे हैं कि आपके जो मुद्दे हैं और समस्याएं हैं, सरकार उनसे मुंह छुपाने का काम कर रही है।

कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने बजट सत्र की अवधि कम होने पर सवाल उठाए और कहा कि यह बहुत छोटा बजट सत्र है, इसमें आठ या नौ दिन की बैठकें ही होंगी। विधायक का जो अधिकार होता है, जैसे सभी विषयों पर विभागों की पूरी चर्चा हो, हमारे जो प्रश्न हैं, उनका जवाब मिले। इस तरह हमारे अधिकार का हनन किया गया है। इसी लिए यह प्रदर्शन किया जा रहा है। कांग्रेस चाहती है कि बजट सत्र 20 से 25 दिन का हो, मगर इसे सिर्फ नौ दिन का किया गया है। इस दौरान प्रदेश के महत्वपूर्ण मुद्दों, बजट पर चर्चा नहीं हो सकती। प्रदेश के इतिहास में पहली बार इतना छोटा बजट सत्र हो रहा है।

बीते दिनों राहुल गांधी के गुजरात में दिए गए बयान और कांग्रेस नेता जिनका भाजपा से रिश्ता है, उन पर कार्रवाई को लेकर पूछे गए सवाल पर जयवर्धन सिंह ने कहा, “जिन लोगों के खिलाफ शिकायत गई है, राहुल गांधी ने उनके खिलाफ कार्रवाई कराई है। जहां तक मध्य प्रदेश की बात है, तो यहां का एक-एक एक कार्यकर्ता कांग्रेस के साथ है। जिन लोगों ने विधानसभा व लोकसभा चुनाव में पार्टी के खिलाफ काम किया है, उन पर कार्रवाई हुई भी है।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.