MP news : मध्य प्रदेश के खंडवा में मंगलवार को अजीबोगरीब स्थिति बन गई, जब कलेक्ट्रेट सभागृह में आयोजित जनसुनवाई के दौरान एक शख्स कुत्ते का मुखौटा पहनकर पहुंच गया। यह अनोखा विरोध प्रदर्शन आवारा कुत्तों की बढ़ती आबादी और उनकी नसबंदी पर हुए खर्च में कथित अनियमितताओं को लेकर था।
खंडवा नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष दीपक (मुल्लू) राठौर के नेतृत्व में पहुंचे इस प्रतिनिधिमंडल ने सीधे तौर पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। यह विरोध सोशल मीडिया पर अपने अनोखे अंदाज के लिए चर्चित हो गया।
13 हजार से अधिक केस
नेता प्रतिपक्ष दीपक राठौर का आरोप है कि नगर निगम ने पिछले चार सालों के दौरान आवारा कुत्तों के नसबंदी के नाम पर करीब 40 लाख रुपये के बिल पास किए हैं। इसके बावजूद शहर में आवारा कुत्तों का आतंक कम नहीं हुआ है।
उन्होंने दावा किया कि बीते चार सालों में शहर के 13,225 लोग कुत्तों के काटने का शिकार हो चुके हैं। राठौर ने तंज कसते हुए कहा कि जिस कुत्ते की नसबंदी का दावा किया गया था, वह भी बाद में छह बच्चों का बाप बन गया। हालांकि, इन आंकड़ों और दावों की प्रशासनिक स्तर पर स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
जांच के लिए बनेगी कमेटी
पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए एडिशनल कलेक्टर काशीराम बड़ोले ने शिकायत दर्ज की। उन्होंने बताया कि नागरिकों ने नसबंदी के नाम पर फर्जी बिल निकाले जाने और काम न होने का आरोप लगाया है। इस संबंध में नगर निगम आयुक्त से चर्चा की गई है और आरोपों की निष्पक्ष जांच के लिए एक कमेटी गठित की जाएगी।
कमिटी गठन के अलावा उन्होंने भरोसा दिलाया कि जो भी तथ्य सामने आएँगे उस अनुसार जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें – ट्विशा शर्मा की मौत हत्या थी या आत्महत्या? CBI ने पति-सास के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट



Download Android App
Download iOS App



