MP: शिवपुरी में बड़ा हादसा, वायुसेना का लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त, दोनों पायलट सुरक्षित

Summary :

मध्य प्रदेश के शिवपुरी में भारतीय वायुसेना का एक लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में गुरुवार को भारतीय वायुसेना का एक लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान बुरी तरह जल गया है। राहत की बात यह है कि दोनों पायलट सुरक्षित हैं। मिली जानकारी के अनुसार, शिवपुरी के करैरा क्षेत्र में बहरेटा सानी गांव के पास यह हादसा हुआ। दुर्घटनाग्रस्त विमान मिराज 2000 था। यह विमान खेत में गिरा और उसमें आग लग गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घायल पायलट की तस्वीर भी सामने आई है। मौके पर पहुंचे ग्रामीण उनकी देखभाल कर रहे हैं।

भारतीय वायुसेना का लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त

एयरफोर्स के प्रवक्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि भारतीय वायुसेना का एक मिराज 2000 विमान गुरुवार को नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान सिस्टम में खराबी के कारण शिवपुरी (ग्वालियर) के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दोनों पायलट सुरक्षित इजेक्ट कर गए। दुर्घटना के कारण का पता लगाने के लिए वायुसेना द्वारा जांच के आदेश दे दिए गए हैं। वायुसेना के प्लेन के हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है।

दोनों पायलट सुरक्षित

अधिकारियों ने बताया कि शिवपुरी जिले के एक गांव के पास खेत में दुर्घटनाग्रस्त हुए इस विमान ने ग्वालियर एयरबेस से उड़ान भरी थी। शिवपुरी जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले ने बताया, ग्रामीणों ने सूचना दी कि करेरा थाना क्षेत्र में बरहेटा सुनारी गांव के पास एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। मिराज विमान ने दो पायलटों के साथ ग्वालियर एयरबेस से उड़ान भरी थी। दोनों पायलट सुरक्षित बाहर निकल आए और उन्हें मामूली चोटें आईं। पायलटों को वहां से ले जाने के लिए एक हेलीकॉप्टर मौके पर भेजा गया।

Team Desk