पीएम मोदी रविवार को भोपाल में भाजपा नेताओं से करेंगे संवाद

Summary :

भोपाल में पीएम मोदी का भाजपा नेताओं से संवाद 23 फरवरी को

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में दो दिवसीय ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट (जीआईएस) का आयोजन 24 और 25 फरवरी को होगा। इसकी तैयारियां जोरों पर हैं। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने बताया है कि समिट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे और समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मौजूद रहेंगे। पीएम मोदी 23 फरवरी को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में पार्टी पदाधिकारियों और सांसदों-विधायकों से संवाद भी करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी 23 फरवरी की शाम को भोपाल पहुंचेंगे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में होने वाली भाजपा संगठन की बैठक की तैयारियों का जायजा लिया।

उन्होंने पत्रकारों से कहा कि पीएम मोदी अपने व्यस्ततम कार्यक्रम के बावजूद भाजपा प्रदेश संगठन के लिए समय निकालकर 23 फरवरी को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में पार्टी पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों से संवाद करेंगे। यह मध्य प्रदेश के लिए सौभाग्य की बात है कि प्रधानमंत्री दो दिन तक प्रदेश की धरती पर रहेंगे। पार्टी के कार्यकर्ता उनके स्वागत को लेकर उत्साह और उमंग के साथ जुटे हुए हैं।

उन्होंने बताया कि पीएम मोदी 23 फरवरी को भोपाल आगमन से पहले धर्म एवं आध्यात्मिक केंद्र बागेश्वर धाम में कैंसर अस्पताल की आधारशिला रखेंगे। वह 24 फरवरी को ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट’ का शुभारंभ करेंगे। उनके दिल में हमेशा मध्य प्रदेश रहा है और उनका आशीर्वाद हमेशा राज्य को मिलता रहा है। देश की जनता प्रधानमंत्री मोदी और भारतीय जनता पार्टी को लगातार आशीर्वाद देती आ रही है। यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट’ का शुभारंभ प्रधानमंत्री के हाथों होगा जबकि समापन समारोह में 25 फरवरी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल हो रहे हैं।

विष्णु दत्त शर्मा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के समिट को लेकर दिए गए बयान पर कहा कि कांग्रेस हमेशा झूठ और छल-कपट की नकारात्मक राजनीति करती रही है। कोई अच्छी बात कभी कांग्रेस के नेताओं के मुंह से निकलती ही नहीं है। साल 2003 से पहले मध्य प्रदेश एक ‘बीमारू’ राज्य था, और “दुरावस्था का शिकार” था। राज्य की जनता कांग्रेस पार्टी से 2003 के पहले के उस मध्य प्रदेश की दुरावस्था का हिसाब मांगती है, क्या जीतू पटवारी यह हिसाब जनता को दे पाएंगे? उन्होंने कहा कि साल 2003 के बाद भारतीय जनता पार्टी की सरकारों ने मध्य प्रदेश को खुशहाली और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाना शुरू किया। प्रदेश में हुए इस विकास का हिसाब मध्य प्रदेश की जनता दे रही है। आज जो विकसित मध्य प्रदेश और कानून व्यवस्था की जो सुदृढ़ स्थिति दिखाई देती है, यह भाजपा की सरकारों के काम का हिसाब है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.