मध्यप्रदेश में सक्रिय तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन और दो ट्रफ लाइनों के चलते प्रदेश का मौसम अचानक बदल गया है। शनिवार और रविवार को मंदसौर, शहडोल, अशोकनगर सहित कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट और लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को पूरे प्रदेश के लिए आंधी, बारिश और गरज-चमक का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम, रीवा, शहडोल, ग्वालियर, चंबल, जबलपुर और सागर संभाग के जिलों में 40-50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं, कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना भी जताई गई है। शनिवार को ग्वालियर और मंडला सहित कई जिलों में बारिश देखने को मिली। इन बदलावों का असर अगले दो दिन तक जारी रहने की संभावना है।
तापमान में गिरावट, गर्मी से राहत
रविवार को शहडोल में तेज बारिश के कारण तापमान में 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। अशोकनगर में सुबह से बादल छाए रहे और दोपहर में आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई। मंदसौर में भी दोपहर 1 बजे के बाद करीब 10 मिनट की तेज बारिश हुई, इसके बाद फिर से धूप निकल आई।
शनिवार को कई जिलों में मौसम बदला रहा
शनिवार को ग्वालियर में शाम को हल्की बारिश हुई, वहीं मंडला में दोपहर के समय तेज बारिश दर्ज की गई। भोपाल में बादल छाए रहे जबकि इंदौर और उज्जैन में भी मौसम सुहावना बना रहा। हालांकि कुछ जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।


Download Android App
Download iOS App



