Guinea Conakry Garbage Dump Collapse: गिनी की राजधानी कोनाक्री में रविवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। दार एस सलाम इलाके में स्थित शहर के सबसे बड़े कचरा डंपिंग स्थल पर कचरे का विशाल ढेर अचानक ढह गया। मलबे की चपेट में आने से 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद लापता लोगों की तलाश के लिए खोज एवं बचाव अभियान जारी है।
भारी बारिश के बाद ढहा कचरे का ढेर
अधिकारियों के मुताबिक, हादसा रविवार तड़के करीब दो बजे हुआ। भारी बारिश के कारण कचरे का पहाड़ कमजोर होकर ढह गया। इसके मलबे ने डंपिंग स्थल के आसपास बनी कई झोपड़ियों और मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। अचानक हुए भूस्खलन जैसे हादसे में कई लोग मलबे के नीचे दब गए।
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन, बचाव दल और सैन्यकर्मियों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारियों को आशंका है कि मलबे में अभी भी कुछ लोग फंसे हो सकते हैं। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
हादसे से पहले लोगों को हटने का दिया गया था नोटिस
‘मिलिट्री इंजीनियरिंग बटालियन’ के स्वच्छता अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल बाल्डे ममादौ बाइलो ने बताया कि इस कचरा स्थल को रविवार को बंद किया जाना था। अधिकारियों ने इससे पहले कचरे के पहाड़ के आसपास रहने वाले लोगों को इलाका खाली करने के नोटिस दिए थे।
प्रशासन के अनुसार, नोटिस मिलने के बाद कई परिवार वहां से चले भी गए थे। हालांकि, हादसे के वक्त भी बड़ी संख्या में लोग इलाके में मौजूद थे। इसी वजह से कचरे का ढेर गिरने पर कई झोपड़ियां और मकान मलबे में दब गए।
बाकी परिवारों को सुरक्षित स्थान पर बसाने की तैयारी
क्षेत्रीय प्रशासन और विकेंद्रीकरण मंत्री दियेनाबू तुरे ने कहा कि सरकार हादसे के बाद प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने के लिए कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि कचरा स्थल के आसपास रह रहे बाकी परिवारों को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।
हादसे के बाद प्रशासन के सामने अब मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के साथ-साथ प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की चुनौती भी है। अधिकारियों ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और बचाव अभियान जारी रखा है।



Download Android App
Download iOS App



