भाजपा नेता और महाराष्ट्र के मंत्री आशीष शेलार ने राकांपा अध्यक्ष शरद पवार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधान निरस्त करने के मुद्दे पर पवार का रवैया पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान जैसा था।
शेलार ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के बीच हुए गठजोड़ का मखौल उड़ाते हुए कहा कि शून्य से शून्य मिल जाने पर परिणाम शून्य ही होता है। शेलार ने यह बातें भाजपा के उम्मीदवार और वर्तमान विधायक संजय केलकर के लिए प्रचार करते हुए ठाणे में गुरुवार शाम को एक रैली में कही।
मराठा राजनीति के कद्दावर नेता पवार पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, “यदि शरद पवार को लगता है कि उनसे परेशान करने वाले सवाल नहीं पूछे जाने चाहिए तो हम उनसे यह बार-बार और जरूर पूछेंगे कि उन्होंने अनुच्छेद 370 के प्रावधान निरस्त करने का विरोध क्यों किया।”
उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा प्रदान करने वाले अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों को निरस्त करने के बारे में पवार का रुख पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के समान ही था।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 5 अगस्त को संविधान के अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधान निरस्त कर दिए थे। विपक्ष पर हमला करने के बाद शेलार ने गत पांच वर्षों में भाजपा शिवसेना सरकार की उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने कहा, “कैबिनेट के सदस्यों और मुख्यमंत्री द्वारा गत पांच वर्षों में किए गए अच्छे कार्यों के कारण आज हमें समाधान, आनंद और व्यापक समर्थन मिल रहा है।”


Download Android App
Download iOS App



